KGF डायरेक्टर प्रशांत नील की अगली फिल्म ‘सलार’ का इंतजार सिनेमा फैन्स बहुत बेसब्री से कर रहे हैं. यश को रॉकी भाई के जोरदार किरदार में लाने के बाद, प्रशांत अब ‘सलार’ में प्रभास को एक नए डार्क और एक्शन भरे अवतार में लेकर आ रहे हैं. इधर फैन्स बेसब्री से ‘सलार’ से जुड़ी हर ताजा अपडेट का इंतजार करते रहते हैं और उधर अब मेकर्स होम्बाले फिल्म्स ने एक ऐसा सरप्राइज दिया है कि सोशल मीडिया पर एक्साइटमेंट के मारे जनता का ब्लड प्रेशर ऊपर-नीचे होने वाला है!
पिछले साल कुछ रिपोर्ट्स में उम्मीद जताई जा रही थी कि ‘कुरुथी’ ‘जन गण मन’ और ‘अय्यपनम कोशियम’ जैसी बेहतरीन मलयालम फिल्में दे चुके मलयालम सिनेमा स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन, ‘सलार’ में नजर आने वाले हैं. आज पृथ्वीराज अपना 40वां बर्थडे मना रहे हैं और इस मौके पर ‘सलार’ मेकर्स ने जनता को गिफ्ट दिया है. ‘सलार’ से पृथ्वीराज का फर्स्ट लुक शेयर कर दिया गया है और ये लुक देखने के बाद फिल्म के लिए जनता की एक्साइटमेंट बहुत बढ़ जाएगी.
‘सलार’ में पृथ्वीराज का किरदार
होम्बाले फिल्म्स ने पृथ्वीराज को बर्थडे विश करते हुए ‘सलार’ से उनका फर्स्ट लुक शेयर किया और बताया कि उनके किरदार का नाम वर्धराज मन्नार है. पृथ्वीराज का लुक बहुत धांसू है और ‘सलार’ से प्रभास के डार्क लुक की ही तरह वो भी बहुत इन्टेंस और डार्क लग रहे हैं. पृथ्वीराज के माथे पर काला तिलक लगा है और उनकी नाक के बीच में एक नोज रिंग है, जैसी आपने ‘RRR’ में जूनियर एनटीआर को भी पहने देखा होगा. उनके कानों में भी इयरिंग हैं और गले में भी भारी नेकलेस है जो ट्राइबल कल्चर में देखने को मिलता है. वर्धराज मन्नार के किरदार में पृथ्वीराज का लुक ही एक वारियर टाइप का लग रहा है.
प्रभास से हो सकती है टक्कर
इसी साल हैदराबाद में अपनी फिल्म ‘कडुवा’ प्रमोट करते हुए पृथ्वीराज ने कहा था कि उन्होंने ‘सलार’ की स्क्रिप्ट पढ़ी है और रोल के लिए तैयार भी थे, लेकिन कोविड महामारी के बाद बदले हुए शिड्यूल में, डेट्स का पंगा पड़ रहा है. उनके ‘सलार’ में आने के अनुमान को देखते हुए ही फैन्स ने थ्योरी बना ली थी कि वो फिल्म में विलेन का किरदार निभाते दिख सकते हैं.
अब जिस तरह का पृथ्वीराज का लुक दिख रहा है, उस हिसाब से दो ही चीजें हो सकती हैं- या तो वो विलेन हैं, या फिर प्रभास के साथ मिलकर खूंखार एक्शन करते दिखेंगे. दोनों ही केस में फैन्स को स्क्रीन पर जोरदार मजा और तूफानी एक्शन देखने ओ मिलने वाला है ये तय है.
KGF यूनिवर्स से भी कनेक्शन!
अगर अपने KGF 2 देखी है, तो आपको फिल्म में नाराची का एक यंग लड़का फरमान याद होगा. ये किरदार सरन शक्ति ने निभाया था और फिल्म में वो अधीरा (संजय दत्त) से लड़ते नजर आए थे. फिल्म के प्लॉट के हिसाब से तो फरमान की मौत हो गई थी. लेकिन KGF से जुड़ी एक फैन थ्योरी में लोग मान रहे हैं कि स्क्रीन पर रॉकी भाई (यश) के चाचा ने फरमान की मां को उसकी डेड बॉडी पर से कपड़ा हटाकर चेहरा देखने से रोक दिया था, इसलिए फरमान शायद रियल में मरा नहीं है.
वो डेड बॉडी किसी और की निकलेगी और सामने आएगा कि फरमान जिंदा है और वही बड़ा होकर ‘सलार’ यानी प्रभास बनेगा. ‘सलार’ का अर्थ होता है सेनापति या कमांडर, अब आप KGF 2 में फरमान की एक्टिविटी को याद कर के ये कनेक्शन भी जोड़ सकते हैं. रिपोर्ट्स के हिसाब से KGF 2 में फरमान की मां, फातिमा का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस ईश्वरी राव को ‘सलार’ में भी कास्ट किया गया है. और इसीलिए इस फैन थ्योरी को लोग बहुत पक्का मान रहे हैं.
KGF और ‘सलार’ का कोई कनेक्शन है या नहीं ये, तो डायरेक्टर प्रशांत नील ही बेहतर बता सकते हैं. लेकिन इस पूरे खेल में पृथ्वीराज के आ जाने से मामला और गर्म हो गया है. स्क्रीन पर तो जोरदार धमाका होने की उम्मीद फैन्स करेंगे ही, मगर बॉक्स ऑफिस पर भी ‘सलार’ बहुत बड़े कमाल करने वाली है.