बाहुबली नेता अतीक अहमद पर UP सरकार का एक्शन, 35 करोड़ की संपत्ति को कुर्क करने का आदेश – Atiq Ahmed Illegal property attached acquired from crime worth Rs 35 crore lcla


पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक अहमद की 35 करोड़ की संपत्ति को कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि यह संपत्ति अतीक अहमद ने अवैध तरीके से अर्जित की थी. प्रयागराज के जिलाधिकारी के आदेश के बाद अब प्रयागराज पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लखनऊ जाकर इन संपत्तियों को कुर्क करेंगे.

बता दें कि लखनऊ के गोमती नगर के विजय खंड में अतीक अहमद के नाम पर 400 वर्ग मीटर जमीन है. इसके साथ ही भैंसोरा में करीब 51 बिस्वा जमीन का भी पता चला है. दोनों जमीनों की अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपए बताई गई है. इनमें एक संपत्ति व्यावसायिक और दूसरी आवासीय है. 

धूमनगंज थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध संपत्ति को चिह्नित किया है. प्रयागराज के डीएम संजय खत्री ने कुर्की की अनुमति जारी कर दी है. प्रयागराज पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लखनऊ जाकर दोनों संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई करेंगे.

बीते महीने कुर्क किया गया था 8 करोड़ का बंगला

पिछले महीने 14 सितंबर को लखनऊ के सीतापुर रोड पर स्थित 8 करोड़ का अतीक अहमद का बंगला कुर्क कर लिया गया था. प्रदेश में अब तक बाहुबली अतीक अहमद के खिलाफ सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई है. 

अतीक अहमद और उसके गुर्गों की अब तक 986 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है. अतीक अहमद के खिलाफ 98 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. बाहुबली अतीक अहमद इन दिनों गुजरात के अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है.



Source link

Spread the love