गुजरात के मोरबी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब पुलिस का एक्शन शुरू हो गया है. पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, 5 लोगों से पूछताछ जारी है. इन 9 लोगों को आज ही पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 4 को कुछ देर तक चली इंटेरोगेशन के बाद गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस की जांच और पूछताछ दोनों जारी है. गिरफ्तार होने वाले लोगों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है. बता दें कि रविवार शाम मोरबी में बेहद पुराना केबल ब्रिज गिरने से 141 लोगों की मौत हो गई. हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. हादसे वाला ब्रिज 7 महीने तक चले रिनोवेशन के बाद दिवाली के अगले दिन लोगों के लिए खोला गया था.