Happy Birthday Aishwarya Rai: जब ऐश्वर्या राय ने पेड़ से शादी करने की बात को बताया अफवाह, जताई थी नाराजगी – aishwarya rai birthday marriage with abhishek bachchan manglik married to tree rumor tmovp


बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेसेज में से एक ऐश्वर्या राय आज अपना 49वां जन्मदिन मना रही हैं. बढ़ती उम्र का आज भी ऐश्वर्या पर कोई असर नहीं है. वो कल भी हसीन थीं और आज भी हैं. अपनी जिंदगी में ऐश्वर्या ने काफी अच्छे और बुरे दिन देखे हैं. एक एक्टर होने के नाते कई बार वो विवादों में फंसीं और उन्हें लेकर अफवाहें उड़ीं. इन्हीं में से एक अफवाह उनकी शादी से जुड़ी थी जिसकी वजह से ऐश्वर्या राय को काफी गुस्सा आया था.

ये बात 2007 की है. ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की शादी को लेकर फैंस के बीच उत्साह था. सभी दोनों की शादी की रस्मों को देखना चाहते थे. लेकिन बच्चन परिवार ने अपने जुहू स्थित घर में रस्मों और शादी को प्राइवेट रखना बेहतर समझा था. कपल अपनी प्राइवसी चाहता था लेकिन बॉलीवुड के गलियारों में शादी में होने वाली बातों को लेकर अफवाहें उड़ने लगी थीं. इन्हीं में से एक बात थी कि अभिषेक से शादी से पहले ऐश्वर्या ने एक पेड़ से शादी की थी. 

ऐश्वर्या ने की थी पेड़ से शादी?

2008 में एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में पहली बार ऐश्वर्या राय ने इस बारे में खुलकर बात की थी. उनसे शादी से जुड़ी उन बातों के बारे में पूछा गया था जिनकी उम्मीद उन्होंने नहीं की थी. इसपर ऐश्वर्या ने कहा था, ‘कुछ चीजों की उम्मीद हमें थी. लेकिन बहुत सी चीजों की तो उम्मीद ही हमने नहीं की थी.’ इसपर उनसे पूछा गया था कि वह किस बारे में बात कर रही हैं. तब ऐश्वर्या ने कहा था, ‘कुछ वाकये हुए थे, लेकिन उन्हें अटेंशन क्यों देना.’

गुस्से में बताया था अफवाह को बकवास

इसके बाद उनसे आगे पूछा गया कि क्या वह पेड़ से शादी को लेकर उड़ी अफवाह और विवाद के बारे में बात कर रही हैं, तो उन्होंने कहा था, ‘हां, ये बात तब बहुत हुई थीं. मैं सोचती हूं कि ये एकदम फालतू था. प्राइम टाइम ऐसी बात को देना, न्यूज में इसे छापना, मैगजीन कवर पर ऐसी स्टोरी लगाना, ये सब बेहद बकवास था.’

ऐश्वर्या ने आगे कहा था, ‘बढ़िया बात ये है कि एक परिवार के रूप में हम ताकतवर थे. हम सभी पब्लिक की नजरों के सामने थे. हमारे पास पूरा-पूरा मौका था अपनी बात को रखने का और पहले से लगी आग को और भड़काने का. हमने सोचा कि परिवार के पिता इस बारे में बात करें. पा ने शादी के बाद इस बारे में मीडिया से बात की थी और सवालों के जवाब दिए थे.’

इंटरनेशनल मीडिया के साथ हुई दिक्कत 

ऐश्वर्या राय ने इंटरनेशनल मीडिया से इस बारे में बात करने की फ्रस्ट्रेशन भी शेयर की थी. उन्होंने कहा था, ‘ये शॉकिंग था. हम इसे एक चीज होकर खत्म होना सोचकर खुश होते हैं लेकिन फिर भी ये लोगों के मन में और अखबारों में छप जाता है. और मुझे तब इस बात का एहसास हुआ जब मैंने विदेश ट्रैवल करना शुरू किया. ऐसे कई मौके थे… आप लगातार इंटरनेशनल मीडिया से बात कर रहे हो और वो ऐसी फालतू बातों में विश्वास कर रहे हैं. आपसे पूछ रहे हैं कि, ‘आपने पेड़ से शादी की थी और आपके ऊपर बहुत बाद श्राप है?’ और आप सोचते हो कि, ‘हे भगवान, मैं कहां से इन्हें समझाना शुरू करूं.’

 



Source link

Spread the love