Assembly Bypoll Election: 6 राज्यों की सात सीटों पर वोटिंग खत्म, अब 6 नवंबर को आएंगे नतीजे – Assembly Bypoll Election Voting ends in seven seats in 6 states results will come on 6 November ntc


Bypoll Election 2022: देश के छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ. जानकारी के मुताबिक यूपी की गोला गोकर्णनाथ, बिहार की मोकामा और गोपालगंज, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट, तेलंगाना की मुनुगोडे, ओडिशा  की धामनगर और हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर वोटिंग हुई. इनमें से 6 सीटों पर विधायको के निधन की वजह से चुनाव हो रहा है. तो वहीं, तेलंगाना में कांग्रेस विधायक के बीजेपी में चले जाने से यह सीट खाली हुई है. अब 6 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.

बिहार में 52.38 प्रतिशत वोटिंग

– बिहार में शाम छह बजे तक 52.38 प्रतिशत वोट डाले गए. वहीं मोकामा विधानसभा उपचुनाव में ड्यूटी के लिए आए कर्मी संजय कुमार की हार्ट अटैक से मौत हो गई. वहीं गोपालगंज से आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता ने बीजेपरी, AIMIM और बसपा कार्यकर्ताओं पर नामांकन रद्द करने की अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है. इसके बाद उन्होंने नगर थाने में 11 के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया.

– बीजेपी ने पहली बार मोकामा सीट जीतने की कोशिश की है. बीजेपी ने इस सीट पर ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी पर दांव चला है. आरजेडी इस सीट पर काफी मजबूत है. उसने इस बार अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है. असल में अनंत सिंह की सदस्यता रद्द हुई है, उसी वजह से ये उपचुनाव हो रहा है. अनंत सिंह खुद दो बार जेडीयू और एक बार आरजेडी की टिकट पर मोकामा की सीट जीत चुके हैं. 

– अब बिहार की ही दूसरी सीट पर भी उपचुनाव हो रहे हैं. गोपालगंज सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है. पिछली चार बार से गोपालगंज सीट हमेशा से बीजेपी के खाते में गई है. लेकिन इस बार क्योंकि पूर्व मंत्री सुभाष सिंह का निधन हो गया है, ऐसे में इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं. बीजेपी को चुनौती देने के लिए गोपालगंज से आरजेडी ने मोहन प्रसाद गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारा है. वहीं बीजेपी ने सुभाष सिंह की ही पत्नी कुसुम देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है.     

हरियाणा: आदमपुर में 70 प्रतिशत मतदान

हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर शाम पांच बजे तक 70 प्रतिशत मतदान हुआ है. आदमपुर सीट पर बीजेपी और कांग्रेस की बड़ी परीक्षा थी. यह सीट परंपरागत रूप से भजनलाल परिवार की सीट रही है. इस बार कुल 22 उम्मीदवार इस सीट के लिए अपनी उम्मीदवारी ठोकी हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला बीजेपी, कांग्रेस, INLD और AAP के बीच है.

अब भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई के बीजेपी में जाने की वजह से इस सीट पर फिर चुनाव हो रहा है. इस बार बीजेपी ने कुलदीप के बेटे भव्य बिश्नोई को चुनावी मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने जयप्रकाश पर अपना दांव चला है. लेकिन इस सीट पर 1968 से भजनलाल परिवार का राज चल रहा है.      

तेलंगाना: मुनुगोडे में बीजेपी ने किया प्रदर्शन

– तेलंगाना की मुनुगोडे विधानसभा सीट पर दोपहर तीन बजे तक लगभग 60 प्रतिशत मतदान हुआ है. वहीं चंदूर में मतदान के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाया. एक मतदान केंद्र के बाहर दो गुट आप में भिड़ गए. हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. 

– मतदान से पहले तेलंगाना पुलिस ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय को अब्दुल्लापुरमेट थाना क्षेत्र से हिरासत में ले लिया गया. बंदी संजय ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी टीआरएस पार्टी के मंत्री और नेता चुनाव नियमों का उल्लंघन करके लोगों को डरा रहे हैं या उन्हें लालच दे रहे हैं. जानकारी देने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है. इसके खिलाफ जब बीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन किया, तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया.

उधर, मुनुगोड़े से भाजपा के उम्मीदवार राजगोपाल रेड्डी ने सत्ताधारी टीआरएस पार्टी पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए रिटर्निंग कैंप अधिकारी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया.         

– तेलंगाना में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. उस बड़ी परीक्षा से पहले टीआरएस, बीजेपी और कांग्रेस के लिए मुनुगोडे सीट पर उपचुनाव एक लिटमस टेस्ट साबित होने वाला है. कांग्रेस विधायक राजगोपाल रेड्डी के भाजपा में चले जाने की वजह से ही इस सीट पर फिर उपचुनाव हो रहे हैं. बीजेपी ने इस सीट पर राजगोपाल रेड्डी, टीआरएस ने पूर्व विधायक कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी और कांग्रेस ने Palvai Sravanthi को मैदान में उतारा है.

ओडिशा: धामनगर में 52 फीसदी से ज्यादा वोटिंग

ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर दोपहर 3 बजे तक 52.13 वोटिंग हुई है. वहीं बीजेपी और बीजद कार्यकर्ताओं की झड़प हुई है.

ओडिशा की राजनीति में खुद का विस्तार करने की कोशिश में लगी भारतीय जनता पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में बड़ा झटका लगा था. बीजेडी ने तब स्पष्ट बहुमत हासिल किया था. बीजेपी को जमीनी हकीकत के बारे में विस्तृत जानकारी मिली थी, लेकिन तब भी पार्टी ने धामनगर सीट पर जीत दर्ज की थी.

बिश्नु चरण सेठी ने बीजेपी के लिए वो चुनाव जीता था. अब उनका निधन हो चुका है, सीट खाली है, ऐसे में फिर बीजेपी और बीजेडी के बीच कड़ा मुकाबला होने वाला है. बीजेपी ने इस सीट से सूर्यांशी सूरज को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं बीजेडी ने अबंती दास के रूप में महिला उम्मीदवार को मौका दिया है. आप के अनवर शेख अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं. 

महाराष्ट्र: सात उम्मीदवार चुनावी मैदान में

महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट का सियासी गणित काफी दिलचस्प है. महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले महीनों जो घटनाक्रम हुए हैं, उसे देखते हुए उद्धव खेमे के लिए ये सीट निकालना काफी जरूरी है. उनकी तरफ से चुनावी मैदान में रुतुजा लटके को उम्मीदवार बनाया गया है. उनके खिलाफ 6 उम्मीदवार मैदान में खड़े हैं, यहां भी चार तो निर्दलीय हैं.

इस सीट पर सबसे बड़ा खेल बीजेपी ने किया है क्योंकि उसने पहले उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन फिर नाम वापस ले लिया. पार्टी का तर्क है कि वो उद्धव ठाकरे को किसी भी तरह का मॉरल बूस्ट नहीं देना चाहती है. उसकी असल तैयारी तो कुछ महीनों में होने वाले बीएमसी चुनाव पर है जहां पर उद्धव खेमे की सियासी जमीन को पूरी तरह हिलाने की तैयारी है.

यूपी: अरविंद गिरि के बेटे को बीजेपी ने बनाया प्रत्याशी

यूपी की गोला गोकर्णनाथ सीट भी बीजेपी के लिए इस बार ज्यादा बड़ी परीक्षा साबित होने वाली है. इस सीट पर बीजेपी के विधायक अरविंद गिरि की जीत हुई थी. लेकिन अब उनका निधन हो चुका है, ऐसे में पार्टी ने उन्हीं के बेटे अमन गिरि को अपना उम्मीदवार बना दिया है.

वहीं समाजवादी पार्टी की तरफ से पूर्व विधायक विनय तिवारी को प्रत्याशी बनाया गया है. इस बार बसपा और कांग्रेस की तरफ से इस सीट के लिए कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है, ऐसे में मुकाबला सीधे तौर पर बीजेपी बनाम सपा का होने वाला है.



Source link

Spread the love