पंजाबः दस साल की बेटी को बेचने जा रहा था नशेड़ी पिता, भाई ने रोका तो किया जानलेवा हमला – Drug addicted father tried to sell his own 10 year old daughter in Ferozepur lcla


पंजाब के फिरोजपुर में नशे के आदी पिता (Drug addicted father) ने अपनी दस साल की बेटी को बेचने की कोशिश की. आरोपी पिता के भाई ने जब रोका तो नशेड़ी ने भाई पर बेसबॉल लेकर हमला कर दिया, इससे भाई का हाथ टूट गया है.

घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

घटना के संबंध में एसएचओ सिटी मोहित धवन ने बताया कि पंजाब के फिरोजपुर के पास बस्ती बाग वाली में एक व्यक्ति ने नशे की लत के चलते अपनी बेटी को बेचने की कोशिश की. नशेड़ी के भाई और उसकी मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि आरोपी नशा करने का आदी है. उसकी दो बेटियां हैं.

नशे की आदत से परेशान होकर छोड़कर जा चुकी है आरोपी की पत्नी

आरोपी की नशा करने की आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी छोड़कर जा चुकी है और एक बेटी को अपने साथ ले गई थी. वहीं उसकी छोटी बेटी दादी और नशेड़ी पिता के साथ ही रहती है. 

उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपनी दस साल की बेटी को बेचने की कोशिश की. जब आरोपी के भाई को इस बारे में पता चला तो उसने विरोध किया और रोकने की कोशिश की. इस बात से नाराज नशेड़ी ने अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया. इससे भाई का हाथ टूट गया.

इसके बाद आरोपी के भाई ने घटना की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

(रिपोर्टः अक्षय गल्होत्रा)



Source link

Spread the love