कतर में खेले जा रहे फीफा वर्ल्ड कप 2022 में ब्राजील की टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. सोमवार (28 नवंबर) को खेले गए ग्रुप-जी के मुकाबले में ब्राजील ने स्विट्जरलैंड को 1-0 से पराजित किया. ब्राजील की जीत के हीरो कैसेमीरो रहो जिन्होंने मुकाबले का इकलौता गोल किया. इस जीत के साथ ही ब्राजील की टीम राउंड-16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में पहुंच गई है. इससे पहले फ्रांस भी राउंड-16 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है.
ब्राजील की टीम फीफा रैंकिंग में पहले नंबर पर है वहीं स्विटजरलैंड की टीम 15वें स्थान पर है. ऐसे में मुकाबले के काफी कड़े होने की संभावना थी और ऐसा हुआ भी. नतीजतन मैच में सिर्फ एक गोल ही हो पाया. इस हार के बाद स्विट्जरलैंड को अगले राउंड में पहुंचने के लिए सर्बिया को हराना होगा. उधर पांच बार की चैम्पियन ब्राजील को अब अपने आखिरी ग्रुप मैच में कैमरून का सामना करना है जो राउंड-16 से पहले उसके लिए एक बढ़िया प्रैक्टिस मैच साबित हो सकता है.
Who will join Brazil in the Round of 16 from Group G?#FIFAWorldCup | #Qatar2022
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) November 28, 2022
पहले हाफ में नहीं हुआ था कोई गोल
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच काफी दमदार मुकाबला हुआ और दोनों टीमों की तरफ से गोल नहीं हो पाया. हालांकि ब्राजील की टीम ने स्विट्जरलैंड की तुलना में ज्यादा अटैकिंग फुटबॉल खेला था. नतीजतन हाफ में ब्राजील ने गोल पर छह अटेंप लिए जिसमें दो टारगेट पर बैठा लेकिन गोलकीपर यान सोमर के सेव ने गोल होने से बचा लिया. उधर स्विट्जरलैंड ने भी गोल पर एक शॉट लिया जो टारगेट पर नहीं बैठा. पहले हाफ में बॉल पॉजिशन के मामले में ब्राजील का पलड़ा भारी रहा.
…फिर कैसेमीरो का दिखा जलवा
दूसरे हाफ में भी काफी देर तक कोई गोल नहीं हो पाया था. हालांकि खेल के 64वें मिनट में विनीसियस जूनियर जरूर गोलपोस्ट में बॉल को डालने में सफल रहे थे लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VR) ने ऑफसाइड करार दिया जिसके चलते स्कोर 0-0 ही रहा. आखिरकार 83वें मिनट में कैसेमीरो ब्राजील के लिए गोल करने में सफल रहे. कैसेमीरो ने यह गोल सबस्टीट्यूट प्लेयर रोड्रिगो के बेहतरीन क्रॉस पर किया. इस गोल के चलते स्कोर 1-0 हो चुका था जो आखिर तक कायम रहा.
ये थी दोनों टीमों की स्टार्टिंग इलेवन:
ब्राजील: एलिसन(गोलकीपर), एलेक्स सैंड्रो, एडर मिलिटाओ, मार्क्विनहोस, थियागो सिल्वा, कैसेमीरो, फ्रेड, लुकास पाक्वेटा, राफिन्हा, रिचार्लिसन, विनीसियस जूनियर.
स्विट्जरलैंड: यान सोमर (गोलकीपर), मैनुअल अकांजी, निको एल्वेदी, सिल्वान विडमर, रिकार्डो रोड्रिगेज, ग्रेनाइट जाका, रेमो फ्रायलर, फैबियन राइडर, ब्रील एम्बोलो, रूबेन वर्गास, जिब्रिल सो.